Shahzad Bhatti का बिश्नोई ब्रदर्स पर सीधा वार—‘सुरक्षा भी बचा नहीं पाएगी’, कोर्ट में अनमोल ने जताई जान का डर

पाकिस्तानी आतंकवादी और कुख्यात गैंगस्टर Shahzad Bhatti ने एक वीडियो जारी कर लॉरेंस बिश्नोई और उसके भाई अनमोल बिश्नोई को जान से मारने की धमकी दी है। वीडियो में भट्टी साफ-साफ कहता दिखाई देता है कि “तुम कितनी भी सुरक्षा ले लो, मैं तुम्हें नहीं छोड़ूंगा।” यह धमकी इसलिए भी गंभीर मानी जा रही है क्योंकि हाल ही में अनमोल बिश्नोई ने पटियाला हाउस कोर्ट में कहा था कि उसकी जान को सबसे ज्यादा खतरा शाहज़ाद भट्टी से है। लगातार बढ़ते गैंगवार और अंतरराष्ट्रीय आपराधिक गठजोड़ के बीच यह धमकी देश की सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय बन गई है।
कौन है पाकिस्तानी गैंगस्टर Shahzad Bhatti?
शाहज़ाद भट्टी मूल रूप से पाकिस्तान का कुख्यात अपराधी है, जो वर्तमान में दुबई में रहता है और अब आतंकवादी गतिविधियों में भी सक्रिय है। रविवार को दिल्ली पुलिस ने उसके तीन शार्प शूटरों को गिरफ्तार किया, जिनके पास पाकिस्तान से सप्लाई किए गए हथियार और ग्रेनेड बरामद हुए। जांच में पता चला कि भट्टी भारत में गैंगस्टरों के नेटवर्क को मजबूत करने की कोशिश कर रहा है और इसके लिए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई उसका इस्तेमाल कर रही है। वह सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार भड़काऊ संदेश और धमकियां जारी करता रहता है।

दोस्ती से दुश्मनी तक: क्यों भट्टी बना लॉरेंस का सबसे बड़ा दुश्मन?
सूत्रों के मुताबिक शाहज़ाद भट्टी कभी लॉरेंस बिश्नोई का दोस्त हुआ करता था। लेकिन पहलगाम हमले के बाद लॉरेंस द्वारा हाफिज सईद को मारने की धमकी ने भट्टी को उसके खिलाफ कर दिया। इसके बाद दोनों के बीच दुश्मनी बढ़ती गई। इसी बीच बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के शूटर ज़ीशान अख्तर ने हाल ही में एक वीडियो जारी कर भट्टी को धन्यवाद दिया। ज़ीशान के अनुसार उसने यह हत्या लॉरेंस के कहने पर की, लेकिन बाद में लॉरेंस गैंग ही उसे खत्म करना चाहता था। ऐसे में शाहज़ाद भट्टी ने उसकी मदद की और उसे देश से बाहर निकलने में सहायता की। इसके बाद भट्टी ने खुले तौर पर लॉरेंस गैंग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
वायरल कॉल, बढ़ता गैंगवार और ISI का नेटवर्क
बीते दिनों ईद के मौके पर लॉरेंस बिश्नोई और शाहज़ाद भट्टी की एक वीडियो कॉल भी वायरल हुई थी, जिसमें लॉरेंस जेल के अंदर से भट्टी से बात करता नजर आया था। उसी कॉल में भट्टी ने यह कहकर सनसनी फैला दी थी कि वह बिश्नोई गैंग के लिए अपने सिर तक की कुर्बानी देने को तैयार है। बाद में दोनों के रिश्ते बिगड़े और अब भट्टी खुलकर लॉरेंस को जान से मारने की धमकी दे रहा है। उसने अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती को भी जान से मारने की धमकी दी थी। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि भट्टी इस समय आईएसआई के निर्देश पर भारत में गैंगस्टरों के बीच नेटवर्क मजबूत कर अपना साम्राज्य फैलाने में जुटा हुआ है। लगातार मिल रही धमकियों और पाकिस्तान आधारित नेटवर्क की गतिविधियों ने खुफिया एजेंसियों को सतर्क कर दिया है।






