
अजमेर पुलिस ने रविवार को एक बड़ी सफलता हासिल की जब राज्य स्तर के टॉप-25 इनामी अपराधियों में शामिल कुख्यात डकैत धनसिंह उर्फ धनसा उर्फ धनु प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके पास से दो देशी पिस्टल खाली मैग्जीन दो 12 बोर बंदूकें छह जिंदा कारतूस और तीन हैंड ग्रेनेड बरामद किए हैं। यह गिरफ्तारी अजमेर के सराना थाना क्षेत्र में हुई जहां पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
धनसिंह पर अजमेर पुलिस अधीक्षक की ओर से 25 हजार रुपये और जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक की ओर से 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। वह करीब डेढ़ साल से फरार चल रहा था और उस पर सात गंभीर प्रकरण दर्ज थे जिनमें फायरिंग अवैध हथियारों की तस्करी और अन्य आपराधिक मामले शामिल हैं। अजमेर एसपी वंदिता राणा ने बताया कि यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शोराजमल मीणा और वृत्ताधिकारी हर्षित शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने की।
पुलिस के अनुसार पीपरोली के पास सोकलिया रोड पर जब टीम ने आरोपी को रोकने का प्रयास किया तो उसने बाइक से एक पुलिसकर्मी को टक्कर मार दी जिससे वह घायल हो गया। आरोपी खुद भी बाइक से गिरकर घायल हुआ और भागने की कोशिश करते हुए पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ आयुध अधिनियम और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक धनसिंह के खिलाफ अब तक 51 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं जिनमें हत्या का प्रयास लूट फिरौती के लिए अपहरण और धमकी जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं।
पूछताछ में आरोपी ने अपने कई साथियों के नाम बताए हैं जिनमें धीरेन्द्र प्रताप राहुल उर्फ भवानीसिंह जितेन्द्र सिंह भंवरसिंह विजेन्द्र सिंह नवलसिंह सूर्यप्रतापसिंह और सुमेरसिंह शामिल हैं। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अवैध हथियार और विस्फोटक नेटवर्क की जांच में जुट गई है।
अजमेर पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से अपराधियों में भय का माहौल बना है और आम जनता का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हुआ है। पुलिस ने साफ कहा है कि ऐसे हार्डकोर अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।






